Nokia की कहानी: दुनिया की नंबर 1 मोबाइल कंपनी आखिर कैसे हो गई फेल?

एक समय था जब मोबाइल फोन का मतलब ही Nokia हुआ करता था। अगर साल 2000 से 2010 के बीच किसी के हाथ में फोन दिख जाता था, तो उसके Nokia होने की संभावना सबसे ज्यादा होती थी। यहाँ तक की मेरे पास भी जब पापा ने मुझे पहला फ़ोन दिया वो भी Nokia का ही था , जिसकी मजबूत बॉडी, लंबी बैटरी लाइफ और भरोसेमंद क्वालिटी के कारण Nokia दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल कंपनी बन चुकी थी।

लेकिन आज सवाल यह है कि जो कंपनी कभी मोबाइल इंडस्ट्री पर राज करती थी, वह अचानक बाजार से लगभग गायब कैसे हो गई? आइए आसान भाषा में समझते हैं Nokia की सफलता और फिर उसके पतन की पूरी कहानी।

Nokia का गोल्डन दौर

Nokia की शुरुआत फिनलैंड में हुई थी। शुरुआत में कंपनी पेपर, रबर और केबल का बिजनेस करती थी। बाद में उसने टेलीकॉम सेक्टर में कदम रखा और मोबाइल फोन बनाना शुरू किया। 1998 में Nokia दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल फोन कंपनी बन गई। उस समय Motorola जैसी बड़ी कंपनियों को पीछे छोड़ना आसान नहीं था, लेकिन Nokia ने यह कर दिखाया। Nokia 1100, Nokia 3310 और Nokia N-Series जैसे फोन पूरी दुनिया में बेहद लोकप्रिय हुए। कंपनी की मार्केट हिस्सेदारी इतनी बड़ी थी कि कई देशों में हर दूसरा फोन Nokia का होता था।

फिर ऐसा क्या हुआ कि Nokia डूबने लगी?

Nokia का पतन किसी एक गलती की वजह से नहीं हुआ। कई छोटी-बड़ी गलतियों ने मिलकर कंपनी को कमजोर किया।

1. Nokia ने स्मार्टफोन क्रांति को गंभीरता से नहीं लिया

2007 में Apple ने iPhone लॉन्च किया। इसके बाद मोबाइल इंडस्ट्री पूरी तरह बदलने लगी। अब लोग सिर्फ कॉल और मैसेज नहीं, बल्कि इंटरनेट, ऐप्स, गेम्स और टचस्क्रीन अनुभव चाहते थे। लेकिन Nokia को लगा कि लोग हमेशा की तरह उसके फीचर फोन ही खरीदते रहेंगे। कंपनी ने स्मार्टफोन की बढ़ती मांग को सही समय पर नहीं समझा। यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई।

2. Android को अपनाने से इनकार

जब Google ने Android ऑपरेटिंग सिस्टम लॉन्च किया तो Samsung, HTC और कई अन्य कंपनियों ने उसे अपनाना शुरू कर दिया। लेकिन Nokia को अपने Symbian ऑपरेटिंग सिस्टम पर बहुत भरोसा था। कंपनी को लगता था कि उसे Android की जरूरत नहीं है दूसरी तरफ Android लगातार बेहतर होता गया और डेवलपर्स भी उसी के लिए ऐप्स बनाने लगे। Nokia पीछे छूटती चली गई।

3. Symbian ऑपरेटिंग सिस्टम की कमजोरी

Nokia का Symbian OS पुराने दौर के लिए अच्छा था, लेकिन स्मार्टफोन युग में यह काफी कमजोर साबित हुआ। जिसका यूजर इंटरफेस जटिल था, ऐप्स की कमी थी, फोन अक्सर धीमे चलते थे, डेवलपर्स का सपोर्ट कम था।

जहां iPhone और Android शानदार अनुभव दे रहे थे, वहीं Symbian पुराना और असुविधाजनक लगने लगा।

4. Nokia बहुत धीमी हो गई

टेक्नोलॉजी की दुनिया में तेजी से फैसले लेने पड़ते हैं Apple और Samsung हर साल नए इनोवेशन ला रहे थे, जबकि Nokia निर्णय लेने में काफी समय लगा रही थी, जब तक Nokia कोई नया फीचर लॉन्च करती, तब तक प्रतियोगी कंपनियां उससे आगे निकल चुकी होती थीं।

5. कंपनी के अंदर ही समस्याएं थीं

कई रिपोर्ट्स और रिसर्च में सामने आया कि Nokia के अंदर मैनेजमेंट और कर्मचारियों के बीच तालमेल की कमी थी, मिडिल मैनेजमेंट कई बार सच्चाई बताने से डरता था क्योंकि उन्हें नौकरी खोने का डर रहता था, ऊपरी स्तर के अधिकारियों को अक्सर वास्तविक स्थिति का अंदाजा ही नहीं होता था। इससे गलत फैसले लिए गए और कंपनी का नुकसान बढ़ता गया।

6. Symbian और MeeGo के बीच फंस गई कंपनी

Nokia के रिसर्च विभाग में दो अलग-अलग ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम चल रहा था।

  • Symbian
  • MeeGo

दोनों टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा थी और कंपनी तय नहीं कर पा रही थी कि भविष्य किस प्लेटफॉर्म पर बनाया जाए, इस आंतरिक संघर्ष ने नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की गति को और धीमा कर दिया।

7. Microsoft के साथ साझेदारी बड़ी गलती साबित हुई

2011 में Nokia ने Microsoft के साथ हाथ मिलाया और Windows Phone पर दांव लगाया, उस समय Android तेजी से बढ़ रहा था, लेकिन Nokia ने Android की बजाय Windows Phone को चुना, समस्या यह थी कि Windows Phone के लिए बहुत कम ऐप्स उपलब्ध थे। ग्राहकों को भी यह प्लेटफॉर्म पसंद नहीं आया, नतीजा यह हुआ कि Nokia के Lumia स्मार्टफोन उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हो पाए।

8. ब्रांड की ताकत पर जरूरत से ज्यादा भरोसा

Nokia को लगता था कि लोग सिर्फ उसके नाम की वजह से फोन खरीदते रहेंगे। लेकिन बाजार बदल चुका था, अब ग्राहक ब्रांड नहीं, बल्कि बेहतर अनुभव चाहते थे। Samsung और Apple लगातार बेहतर स्मार्टफोन दे रहे थे जबकि Nokia अपने पुराने गौरव पर भरोसा कर रही थी।

9. ऐप इकोसिस्टम की अहमियत नहीं समझी

स्मार्टफोन की असली ताकत उसके ऐप्स होते हैं। Apple के पास App Store था और Android के पास Google Play Store।लेकिन Nokia के प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त ऐप्स उपलब्ध नहीं थे। इसलिए डेवलपर्स और ग्राहक दोनों दूसरे प्लेटफॉर्म की तरफ चले गए।

10. मार्केटिंग में भी पिछड़ गई

Apple हर नए iPhone को एक इवेंट बना देता था। Samsung भी आक्रामक मार्केटिंग कर रही थी, दूसरी ओर Nokia अपनी नई तकनीकों को सही तरीके से ग्राहकों तक पहुंचाने में सफल नहीं हुई एवं कई अच्छे प्रोडक्ट होने के बावजूद कंपनी उन्हें प्रभावी ढंग से बेच नहीं पाई।

आखिरकार Nokia का क्या हुआ?

लगातार गिरती बिक्री के कारण Nokia का मोबाइल बिजनेस कमजोर होता गया।

2013 में Microsoft ने Nokia के मोबाइल कारोबार को खरीद लिया। यह वही कंपनी थी जो कुछ साल पहले दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल निर्माता थी।

हालांकि आज Nokia पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। कंपनी अब टेलीकॉम नेटवर्क, 5G और नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काम कर रही है।

Nokia इसलिए फेल नहीं हुई क्योंकि उसके फोन खराब थे। बल्कि Nokia इसलिए फेल हुई क्योंकि उसने बदलती दुनिया को समय रहते नहीं समझा।

जब पूरी दुनिया स्मार्टफोन और ऐप इकोसिस्टम की तरफ बढ़ रही थी, तब Nokia पुराने सिस्टम में उलझी रही। यही कारण है कि कभी दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल कंपनी कुछ ही वर्षों में बाजार की दौड़ से बाहर हो गई।

आज भी बिजनेस स्कूलों में Nokia का उदाहरण यह सिखाने के लिए दिया जाता है कि अगर कोई कंपनी समय के साथ खुद को नहीं बदलती, तो उसकी पुरानी सफलता भी उसे बचा नहीं सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *